एसडीएम, एसपी देहात और कोतवाली प्रभारी की मौजूदगी में हुई वार्ता
लक्सर। आय प्रमाणपत्र पर रिपोर्ट लगाने के लिए 20 फरवरी को अधिवक्ता और लेखपाल के बीच हुई मारपीट के बाद सोमवार को भी दोनों पक्ष कार्यबहिष्कार पर रहे। अधिवक्ताओं ने तहसील में प्रदर्शन कर जुलूस निकाला और कोतवाली पहुंचकर लेखपाल व कानूनगो के खिलाफ एससी/एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज करने तथा अधिवक्ताओं पर दर्ज प्राथमिकी निरस्त करने की मांग की।
शाम को एसडीएम सौरभ असवाल और एसपी देहात शेखर चंद सुयाल की मौजूदगी में दोनों संगठनों के पदाधिकारियों के बीच वार्ता हुई। लेखपाल संघ के तहसील अध्यक्ष उम्मेद सिंह ने अधिकारियों के आश्वासन के बाद कार्यबहिष्कार वापस लेने और राजस्वकर्मियों के मंगलवार से कार्य पर लौटने की सहमति दी।वहीं, एडवोकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष उदयपाल पंवार ने बताया कि मंगलवार दोपहर संगठन की बैठक में आगे का निर्णय लिया जाएगा। द सिविल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष दिनेश कुमार ने भी सामूहिक निर्णय की बात कही। गौरतलब है कि दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। कार्यबहिष्कार के चलते तहसील का कामकाज प्रभावित रहा और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन को हस्तक्षेप करना पड़ा।
-
दोनों पक्षों से वार्ता की गई है। दोनों ओर से सकारात्मक संकेत मिले हैं। मामले का शांतिपूर्ण समाधान निकाला जाएगा।
शेखर चंद्र सुयाल
एसपी देहात
संगठनों के पदाधिकारियों के साथ वार्ता सकारात्मक रही है। लेखपाल संघ ने मंगलवार से कार्य पर लौटने की बात कही है। अधिवक्ता संगठन की ओर से भी सहयोग का आश्वासन दिया गया है।
सौरभ असवाल
एसडीएम, लक्सर