खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से नगर के स्ट्रीट फूड वेंडरों को प्रशिक्षण देकर उन्हें लाेगों तक स्वास्थ्यवर्द्धक भोजन पहुंचाने की अपील की। साथ ही छोटे फूड वेंडरों को बड़ी ऑनलाइन कंपनियों के साथ मिलकर अपने व्यापार को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया गया।
शुक्रवार को जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी के नेतृत्व में नगर के स्ट्रीट फूड वेंडरों के लिए नगर निगम में एक प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी योगेन्द्र पांडे एवं ट्रेनर शिया मिश्रा ने बताया कि यह ट्रेनिंग एफडीए उत्तराखंड की ओर से की जा रही है। प्रशिक्षण में नगर के स्ट्रीट फूड वेंडरों को बताया गया कि वह अपने प्रतिष्ठानों पर जो खाद्य सामग्री बेच रहे हैं वह किसी भी स्थिति में लोगों के लिए नुकसानदायक न हो। प्रतिष्ठानों पर सबसे जरूरी चीज सफाई व्यवस्था है, जिसे वेंडरों को बरकरार रखने की जरूरत है। प्रशिक्षण के बाद वेंडराें को सुरक्षित खाद्य पदार्थ लोगों तक पहुंचाने की शपथ दिलाई गई। इसके साथ ही प्रमाणपत्र भी दिए गए। वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन, खाद्य सुरक्षा अधिकारी कपिलदेव, हर्षित कुमार, आशीष भार्गव आदि मौजूद रहे।