विकास कार्यों के लिए बजट का रोना रोने वाले अधिकारियों की हीलाहवाली के कारण वर्षों से नासूर बने रुड़की-लक्सर मार्ग के निर्माण के लिए जारी 49 करोड़ की धनराशि बिना सदुपयोग के लैप्स हो गई। अधिकारी, नेता सोते रहे और केंद्र सरकार की ओर से केंद्रीय रोड फंड से एक साल पहले जारी की गई धनराशि वापस ले ली गई। अब नींद टूटी तो जनप्रतिनिधि और अधिकारी नए सिरे से इस धनराशि को वापस लाने के लिए प्रयास कर रहे हैं, लेकिन फिलहाल कोई रास्ता दिखाई नहीं दे रहा है। कारण जो भी, लेकिन इस लापरवाही से उन राहगीरों को बड़ा झटका लगा है, जो वर्षों से मार्ग के निर्माण की बाट जो रहे थे।
लक्सर-रुड़की के बीच करीब 20 किमी मुख्य मार्ग पिछले कई वर्षों से बदहाल स्थिति में है। पिछले साल लोकसभा चुनाव से पहले इस मार्ग के निर्माण के लिए केंद्र सरकार ने सीआरएफ (सेंट्रल रोड फंड) से 49 करोड़ 88 लाख 54 हजार रुपये का बजट मंजूर किया था। इसमें से 49 लाख रुपये की पहली किश्त जारी भी कर दी गई थी। यही नहीं, हरिद्वार सांसद डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक ने सड़क का शिलान्यास भी कर दिया। उस समय दावा किया जा रहा था कि जल्द निर्माण का काम शुरू कर दिया जाएगा, लेकिन काम शुरू नहीं हो सका। जो जनप्रतिनिधि और अधिकारी निर्माण जल्द शुरू करने का दावा कर रहे थे, वे सोते रहे और बजट की धनराशि पड़े-पड़े एक साल में लैप्स हो गई।
--
...तो शासनादेश में तकनीकी खामी के चलते ऐसा हुआ
विभागीय सूत्रों के अनुसार, प्रदेश सरकार ने कार्यदायी संस्था पीडब्ल्यूडी को जो शासनादेश जारी किया था, उसमें निर्माण किलोमीटर संख्या 0 से 18 तक के बजाय 3 से 21 तक लिख दिया। शासनादेश में इस तकनीकी खराबी की वजह से विभाग ने काम शुरू करने के बजाय शासनादेश को संशोधन के लिए लौटा दिया था। इसके बाद शासनादेश में संशोधन तो हुआ नहीं, लेकिन सड़क का काम शुरू नहीं हो पाया। अब जब एक वर्ष का समय गुजर गया तो केंद्र सरकार ने बजट को लैप्स मानते हुए वापस ले लिया है।
--
लक्सर-रुड़की मार्ग के निर्माण का बजट लैप्स होने के चलते निर्माण के प्राक्कलन से लगाकर स्वीकृति तक की सारी प्रक्रिया फिर से शुरू कर दी है। इसमें थोड़ा समय लगेगा। समय बीत जाने के कारण बजट लैप्स हुआ है। बृहस्पतिवार को रिपोर्ट उत्तराखंड शासन को भेज दी गई है।
-जीत सिंह रावत, ईई, एनएचएआई
--
मुख्य सचिव से मुलाकात कर मैंने लक्सर-रुड़की मार्ग का निर्माण तत्काल शुरू कराने के लिए कहा है। इसके अलावा जिस अधिकारी या कर्मचारी की गलती से बजट का पैसा लैप्स हुआ है, उसके खिलाफ भी कार्रवाई करने की मांग की है।
-संजय गुप्ता लक्सर विधायक