साबिर पाक के 758वें सालाना उर्स में शुक्रवार को इस्लामी कैलेंडर की सातवीं तारीख पर परंपरा के अनुसार बड़े लंगर का आयोजन किया गया। सूफियों, फकीरों, मस्त मलंगों और जायरीनों को गद्दियों व खानकाहों पर लंगर बांटा गया। सज्जादानशीन शाह अली एजाज साबरी कुद्दूसी की सरपरस्ती में शाह सुहैल मियां साबरी के नेतृत्व में मस्त मलंगों ने छाबो में ले जाकर सूफियों की गद्दियों व खानकाहों पर लंगर बांटा। इससे पहले लंगर खाने में खत्म शरीफ का आयोजन किया गया। लंगर बांटने का यह सिलसिला 12 रबीउल अव्वल बड़ी रोशनी तक चलता रहेगा। लंगर इंचार्ज असलम कुरैशी ने बताया कि शुक्रवार को करीब 22 क्विंटल आटा और 275 किलो दाल से लंगर तैयार किया गया है। उर्स में जैसे-जैसे भीड़ बढ़ेगी उसी के अनुसार इसकी मात्रा बढ़ा दी जाएगी। इस मौके पर नोमी मियां, अनमोल साबरी, मनव्वर साबरी, रहीम साबरी, सहित बड़ी संख्या में अकीदतमंद मौजूद रहे। संवाद