लक्सर शुगर मिल ने 10 फरवरी तक का गन्ना भुगतान किसानों को कर दिया है। मिल प्रबंधन की ओर से 1 से 10 फरवरी तक क्रय किए गए गन्ने के सापेक्ष 36 करोड़ रुपये के चेक गन्ना समितियों को जारी कर दिए गए हैं।
किसानों को गन्ना भुगतान के मामले में लक्सर शुगर मिल बेहतर स्थिति में है। मिल प्रबंधन की ओर से नियमित अंतराल पर किसानों को भुगतान किया जा रहा है। मिल प्रबंधन की ओर से 10 फरवरी तक का गन्ना भुगतान किसानों को जारी किया गया है। शुगर मिल के यूनिट हेड एसपी सिंह ने बताया कि 1 फरवरी से 10 फरवरी तक खरीदे गए गन्ने के भुगतान के तौर पर 36 करोड़ की राशि के चेक गन्ना समितियों को जारी किए गए हैं।
चालू पेराई सत्र में मिल प्रबंधन किसानों को अब तक 337.78 करोड़ का भुगतान कर चुका है। यूनिट हेड ने किसानों से स्वीकृत गन्ना प्रजाति को. 0118, को. 15023, को. सा. 13235, को. लख 014201, को. लख. 16202 एवं को. 98014 की ही बुआई करने की अपील की। साथ ही अपना समस्त गन्ना मिल को ही आपूर्ति करने की भी अपील की। वहीं, सहकारी गन्ना विकास समिति लक्सर के सचिव सूरजभान सिंह ने बताया कि मिल प्रबंधन की ओर से चेक जारी किए गए हैं। शीघ्र ही समिति से जुड़े किसानों के खाते में भुगतान पहुंचना शुरू हो जाएगा।