लक्सर। मोबाइल फोन पर अनजान नंबर से आए लिंक को खोलना पर एक व्यक्ति के खाते से 1.72 लाख की रकम निकाल ली गई। व्यक्ति ने अपना खाता बंद कराने के साथ साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई। कोतवाली पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस के अनुसार, लक्सर कोतवाली के खेड़ी मुबारिकपुर गांव निवासी सूरजपाल ने तहरीर देकर बताया कि स्थानीय बैंक में उनका खाता है। 26 मार्च को उनके मोबाइल फोन पर एक कॉल आई थी। फोनकर्ता ने स्वयं को एक बैंक का कस्टमर केयर कर्मचारी बताकर उनके मोबाइल फोन पर एक व्हाट्सएप लिंक भेजा। उन्होंने व्हाट्सएप लिंक खोला तो खाते से 1.72 लाख की रकम निकल गई। खाते से पैसे निकलने का मैसेज आने के बाद उन्होंने बैंक को कॉल करके अपने खाते को सीज करा दिया। इसके बाद उन्होंने साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई। ग्रामीण की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। कोतवाली प्रभारी प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।