बुजुर्गों, दिव्यांगों और दूरदराज के लोगों को मिली बैंकिंग सुविधा
निष्क्रिय खाते चालू करने के साथ खोले गए जनधन खाते
संवाद न्यूज एजेंसी
पिरान कलियर। हज हाउस सभागार में भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) की ओर से वित्तीय समावेशन संतृप्ति अभियान के तहत शिविर लगाया गया। इसमें लोगों के बैंक खातों की केवाईसी अपडेट करने के साथ ही केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। शिविर में बुजुर्गों, दिव्यांगों और दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को विशेष सुविधा उपलब्ध कराई गई।
शिविर में बैंक अधिकारियों ने दस्तावेजों का सत्यापन कर खातों को अपडेट किया। साथ ही निष्क्रिय खातों को दोबारा चालू करने और नए जनधन खाते खोलने की प्रक्रिया पूरी की। लोगों को प्रधानमंत्री जनधन योजना, जीवन ज्योति बीमा योजना, सुरक्षा बीमा योजना और अटल पेंशन योजना के लाभ बताए गए। किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड से मिलने वाले ऋण की जानकारी भी दी गई।
आरबीआई के क्षेत्रीय निदेशक हर्ष कुमार गौतम ने कहा कि बैंक पहुंचने में असमर्थ लोगों की सुविधा के लिए गांवों और कस्बों में शिविर लगाए जा रहे हैं। उन्होंने लोगों को साइबर ठगी से सतर्क रहने और ओटीपी व बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी से साझा न करने की सलाह दी। एसबीआई अधिकारियों ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में घर-घर जाकर भी केवाईसी अपडेट की जा रही है। इस दौरान राजेश कुमार शाह, शैलेंद्र शर्मा, शैलेश कुमार, राजीव रंजन मौजूद रहे।