रुड़की गंगनहर में मिले छात्र के शव के बाद कार्रवाई की मांग को लेकर ईदगाह चौक देहरादून हाइवे पर जा?
- फोटो : ROORKEE
रुड़की। पांच दिन से लापता दसवीं के छात्र का शव रविवार को आसफ नगर झाल से बरामद हुआ। परिजनों ने उसके दोस्तों पर हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया। आक्रोशित भीड़ ने पहले कोतवाली घेरी और फिर हाईवे जाम कर दिया। पुलिस ने दोषियों पर सख्त कार्रवाई का आश्वासन देकर किसी तरह मामला शांत कराया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारण का पता चलेगा।
गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के सुनहरा स्थित इंदिरा विहार कॉलोनी निवासी सूरजभान (16) कक्षा दस का छात्र था। 15 सितंबर को वह घर से स्कूल जाने के लिए घर से निकला था। शाम तक जब वह वापस नहीं आया तो परिजनों ने तलाश शुरू की। परिजनों ने पुलिस से शिकायत करते हुए बताया था कि उसके साथ चार दोस्त भी थे। पुलिस पूछताछ में उसके दोस्तों ने बताया कि वह कलियर के बाजूहेड़ी पुल के निकट गंगनहर किनारे बैठे थे। इसी दौरान सूरजभान गंगनहर में डूबकर लापता हो गया था। साथियों से पूछताछ के बाद पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की थी, लेकिन सूरज का पता नहीं चल सका था। रविवार सुबह सूरजभान का शव मोहम्मदपुर झाल से बरामद हुआ। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पोस्टमार्टम के बाद बड़ी संख्या में लोग शव को एक वाहन में लेकर कोतवाली पहुंच गए। कोतवाली का घेराव कर परिजनों ने आरोप लगाया कि सूरजभान की गला दबाकर हत्या की गई है। उसके गले पर निशान हैं। हत्या के बाद उसे गंगनहर में फेंका गया है। परिजनों ने उसके साथियों पर सूरजभान की हत्या करने का आरोप लगाया। इस दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं ईदगाह चौक के पास एकत्र हो गईं और हाईवे जाम कर दिया। महिलाओं ने नारेबाजी करते हुए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर बमुश्किल जाम खुलवाया। इस दौरान करीब एक घंटे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लगी रही। उधर, गंगनहर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद की मौत की सही वजह पता चलेगी। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि इस मामले में मृतक के पिता यशपाल की तरफ से पुलिस को तहरीर मिली है। जांच के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।