खेलपुर गांव में शुक्रवार की रात को एकबार फिर बदमाशों ने दस्तक दी है, लेकिन जाग हो जाने के कारण बदमाश भाग गए। जानकारी पाकर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और ग्रामीणों ने संयुक्त रूप से बदमाशों की तलाश में कांबिग की, लेकिन बदमाशों का कुछ पता नहीं चल पाया।
भगवानपुर थाना क्षेत्र के खेलपुर गांव में जंगल के पास इंतखाब का घेर है। दो दिन पहले बदमाश उसके घेर में घुस आए थे और बंधक बनाकर लूटपाट का प्रयास किया था, लेकिन इंतखाब के शोर मचाने पर ग्रामीण मौके पर आ गए तो बदमाशों के पैर उखड़ गए। शुक्रवार रात को फिर से बदमाशों ने इंतखाब के घेर में घुसपैठ की, तभी इंतखाब और अन्य ग्रामीणों ने शोर मचा दिया।
आखिर बदमाश वहां से भाग खड़े हुए। बदमाशों के आने की सूचना पाकर भगवानपुर पुलिस भी रात को खेलपुर गांव में पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों के साथ मिलकर बदमाशों की तलाश की, लेकिन कोई हत्थे नहीं चढ़ सका। ग्रामीणों ने पुलिस से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने की मांग की है।