खानपुर। खानपुर पुलिस ने रविवार को हस्तमौली के पास से खानपुर ब्लाक के कनिष्ठ उप प्रमुख को 25 लीटर कच्ची शराब समेत गिरफ्तार कर लिया। आरोपी जंगल में कच्ची शराब बनाकर लोगों को बेचता था। पुलिस आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेजने की तैयारी कर रही है।
एक माह से खानपुर पुलिस लगातार नशे के खिलाफ अभियान चला रही है। इससे प्रेरित प्रह्ललादपुर के ग्रामीणों ने नशा विरोधी समिति भी खानपुर थानाध्यक्ष की अगुवाई में बनाई थी। रविवार रात को किसी मुखबिर ने पुलिस को सूचना दी कि एक व्यक्ति हस्तमौली के पास सोलानी नदी के तटबंध पर कच्ची शराब लिए खड़ा है। सूचना थी कि व्यक्ति किसी को शराब की खेप बेचने के लिए आया है। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने छापा मारकर एक व्यक्ति को 25 लीटर कच्ची शराब समेत धर दबोचा। खानपुर थानाध्यक्ष पीडी भट्ट ने बताया कि आरोपी तकवंत पुत्र अमरीक सिंह निवासी हस्तमौली को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि आरोपी तकंवत सिंह प्रह्लादपुर ग्राम पंचायत से बीडीसी मेंबर है और खानपुर ब्लॉक का कनिष्ठ उप प्रमुख भी है। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह कच्ची शराब जंगल में तैयार कर लोगों को बेचता था। पुलिस आरोपी के कच्ची शराब के अड्ढे और उसके खरीदारों के बारे में जानकारी जुटा रही है। उन्होंने बताया कि आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेजने की तैयारी की जा रही है। दिनभर सफेदपोश आरोपी के पक्ष में पुलिस के पास फोन घनघनाते रहे। वहीं कनिष्ठ उप प्रमुख के कच्ची शराब के मामले में गिरफ्तार होने से क्षेत्र में चर्चा होती रही।