चोरों ने एक ग्रामीण के घर का ताला तोड़कर जेवर, नकदी और बाइक पर हाथ साफ कर दिया। पीड़ित की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई है।
भगवानपुर के ग्राम चानचक निवासी आजम ने पुलिस को बताया कि रविवार देर शाम वह अपने घर का ताला लगाकर पास ही स्थित दूसरे घर में सोने चले गए थे। सोमवार सुबह वह उठकर घर पहुंचे तो ताला टूटा मिला। घर के अंदर जाकर देखा तो कमरों में सामान इधर-उधर बिखरा हुआ पड़ा था। साथ ही अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवर और घर के आंगन में खड़ी बाइक गायब थी। उन्होंने चोरी की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जानकारी ली। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले। वहीं, पीड़ित ने बताया कि दो माह पूर्व भी चोरों ने घर में चोरी की थी। इसका आज तक खुलासा नहीं हो पाया है। पीड़ित ने जल्द ही चोरी का खुलासा करने की मांग की है। उधर, प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। संवाद