कलियर गंगनहर में डूबकर लापता हुए छात्र के बाद मौके पर जमा भीड़ व घटना की जानकारी लेती पुलिस।
- फोटो : ROORKEE
दोस्तों के साथ कलियर घूमने आया नौवीं का छात्र संदिग्ध हालात में गंगनहर में डूबकर लापता हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की मदद से छात्र की तलाश कराई, लेकिन कुछ पता नहीं चला।
पुलिस के अनुसार, रुड़की में एक प्राइवेट स्कूल में पढ़ने वाले कक्षा नौ के छात्र वंश पाल निवासी बेलड़ा, जीशान निवासी रहमतपुर, निशांत माजरा और आयुष निवासी साउथ ग्रीन सिटी, बेलड़ा शुक्रवार को कलियर घूमने आए थे। चारों गंगनहर किनारे बैठकर बातचीत कर रहे थे। बताया जा रहा है कि इस बीच वंश गंगनहर की पटरी पर शौच करने की बात कहकर चला गया। इस बीच अचानक उसका पैर फिसला और वह गंगनहर में जा गिरा। उसे डूबता देख तीनों ने शोर मचा दिया और उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन वह गंगनहर में डूबकर लापता हो गया। छात्र को डूबता देख गंगनहर किनारे लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस गोताखोरों को लेकर मौके पर पहुंची और छात्र की तलाश की, लेकिन कुछ पता नहीं चल पाया। छात्र के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। एसओ धर्मेंद्र राठी ने बताया कि छात्र की तलाश की जा रही है। साथ ही उसके तीनों दोस्तों से भी पूछताछ की जा रही है।