बेलड़ी गांव में युवक की मौत के मामले की जांच सिविल लाइंस काेतवाली से गंगनहर कोतवाली ट्रांसफर कर दी गई है। अब मामले की जांच एसएसआई गंगनहर कोतवाली करेंगे।
सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र स्थित बेलड़ी गांव निवासी सौरभ (24) का शव 20 दिन पूर्व पड़ोस में रहने वाली महिला के घर की दीवार पर खूंटी से लटका मिला था। परिजनों ने महिला और उसके परिवार पर हत्या का आरोप लगाया था। पुलिस ने मामले में हत्या का केस दर्ज कर महिला और उसके परिवार से पूछताछ की थी। कुछ दिन बाद पोस्टमार्टम रिपोर्ट आई थी।
इसमें लटकने से मौत होने का कारण सामने आया था। तभी से मामले की जांच सिविल लाइंस कोतवाली पुलिस कर रही थी लेकिन अब मामले की जांच गंगनहर कोतवाली को ट्रांसफर कर दी गई है। एसएसपी ने मामले की जांच एसएसआई प्रदीप तोमर को सौंपी है। एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि विवेचक को मामले की गहनता से जांच करने के निर्देश दिए गए हैं।