सम्मेलन में इंटक ने वर्करों के उत्पीड़न के खिलाफ उठाई आवाज
- फोटो : amarujala
राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस ‘इंटक’ की ओर से रविवार को रुड़की रोडवेज परिसर में आयोजित बैठक में श्रमिकों के उत्पीड़न के खिलाफ आवाज उठाई गई।
बैठक में वक्ताओं ने आरोप लगाया कि इकबालपुर शुगर मिल प्रबंधन की ओर से श्रमिकों का उत्पीड़न किया जा रहा है। झूठे आरोप लगाकर श्रमिकों को बाहर किया जा रहा है। इसके खिलाफ शीघ्र ही आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी गई। वहीं शुगर मिलों में श्रमिकों के लिए गठित बेज बोर्ड की निर्धारित समय सीमा अक्तूबर-2015 समाप्त होने के बाद नए बोर्ड के गठन की मांग की गई। साथ ही परिवहन निगम की नई बसों को शीघ्र ही राज्य के बस बेड़े में शामिल करने के लिए जल्द मुख्यमंत्री से मिलने का निर्णय लिया गया। बैठक के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का मानदेय 15 हजार करने की मांग की गई। बैठक की अध्यक्षता साधूराम ने की। इस मौके पर इंटक के महामंत्री जगदीश बहुगुणा, रविंद्र शर्मा, योगेश कुमार, अशोक कुमार, मनोज सैनी, विजय शर्मा, जितेंद्र सिंह सहित भेल, रोडवेज, जेके टायर सहित विभिन्न संस्थानों के कर्मचारी मौजूद थे।