रुड़की उपकारागार के बाहर बंदियों के परिजनों और रिश्तेदारों ने जमकर हंगामा किया। आरोप लगाया कि जेल में तैनात एक सिपाही ने अभद्रता की और मिलने जाने वालों को जेल से बाहर निकाल दिया। आरोप लगाया कि घंटों तक लाइन में लगने के बाद भी उनकी मिलाई नहीं कराई गई। जेल के बाहर बंदियों के परिजन काफी देर तक हंगामा करते रहे। अंत में मिलाई न होने पर बंदियों के परिजन लौट गए।
रविवार को बड़ी संख्या में रुड़की उपकारगार में बंदियों के परिजन मिलाई के लिए पहुंचे थे। आरोप है कि इस दौरान जेल में तैनात एक सिपाही ने उनके साथ अभद्रता की। विरोध करने पर बिना मिलाई कराए ही जेल से बाहर निकालने की धमकी देने लगा। लोगों ने अपने बंदी से मिलने के लिए पर्ची बनवाने की बात कही। इस पर सिपाही ने दोबारा अभद्रता की। साथ ही मिलाई का समय खत्म होने की बात कहते हुए सिपाही ने उन्हें जेल के गेट से बाहर कर दिया। इससे नाराज परिजनों ने जमकर हंगामा किया। आरोप लगाया कि सिपाही दबंगई दिखाते हुए अभद्रता करता है। आरोप है कि इससे पूर्व भी कई बार वह मिलाई वालों से अभद्रता कर चुका है। विरोध करने पर सिपाही मिलाई न कराने की धमकी देकर रौब गालिब करता है। हंगामा कर रहे लोगों ने मामले की शिकायत उच्चाधिकारियों से करने की बात कही। मिलाई न होने पर कई बंदियों के परिजन लौट गए। उधर, जेलर जेपी द्विवेदी से मोबाइल पर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उनका नंबर बंद आया।