चारधाम यात्रा सीजन को देखते हुए मंगलवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने नारसन व मंगलौर क्षेत्र में स्थित 25 ढाबों और रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया। टीम ने सफाई रखने और रेट लिस्ट चस्पा करने के निर्देश दिए। वहीं, बिना लाइसेंस वाले 10 ढाबों को नोटिस जारी किया गया।
चारधाम यात्रा को ध्यान में रखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने भी सतर्कता बढ़ा दी है। मंगलवार को खाद्य सुरक्षा विभाग के वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी योगेंद्र पाण्डेय के नेतृत्व में नारसन बॉर्डर से मंगलौर के बीच स्थित 25 रेस्टोरेंट और ढाबों की जांच की गई। इनकी सफाई व्यवस्था जांची गई। टीम ने सभी ढाबा संचालकों को निर्देश दिए हैं कि वह सभी खाद्य पदार्थों की स्पष्ट सूची ढाबे के बाहर लगाएं। सभी सामान नामी कंपनी का इस्तेमाल करें। सब्जी, पनीर आदि फ्रेश ही इस्तेमाल करें। खाने-पीने के सामान को ढककर रखें। बासी खाना कतई न दें। टीम ने इस दौरान 10 ढाबा संचालक को नोटिस जारी किया है। इसमें उन्हें लाइसेंस बनाने के लिए कहा गया है।