संयुक्त मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र शेट ने की समीक्षा बैठक
रुड़की। एसआईआर- 2026 कार्यक्रम के अंतर्गत विधानसभा क्षेत्र 31-रुड़की के समस्त बीएलओ सुपरवाइजरों की समीक्षा बैठक शुक्रवार को संयुक्त मजिस्ट्रेट कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए संयुक्त मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र शेट ने निर्वाचन गणना प्रपत्र (ईएफ फॉर्म) के वितरण, संकलन और डिजिटाइजेशन कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने सभी सुपरवाइजरों को बीएलओ के साथ समन्वय स्थापित कर गणना प्रपत्रों का शत-प्रतिशत संकलन सुनिश्चित करने और निर्धारित समय के भीतर उनका डिजिटाइजेशन पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक में ईएफ प्रपत्रों के डिजिटाइजेशन कार्य में तेजी लाने पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि प्राप्त प्रपत्रों को प्राथमिकता के आधार पर डिजिटाइज कराया जाए और किसी भी प्रपत्र को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए। संयुक्त मजिस्ट्रेट ने विधानसभा क्षेत्र के सभी मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि जब बीएलओ उनके घर पर गणना प्रपत्र लेकर पहुंचें तो वे आवश्यक दस्तावेज और जानकारी के साथ पूर्ण सहयोग प्रदान करें। बैठक में तहसीलदार रुड़की विकास अवस्थी, निर्वाचन कानूनगो, निर्वाचन विभाग के अधिकारी तथा विधानसभा क्षेत्र 31 रुड़की के सभी बीएलओ सुपरवाइजर मौजूद रहे।