नगर पंचायत पिरान कलियर की ओर से मंगलवार को जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने लोगों की समस्याएं सुनीं और उन्हें सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। शिविर में करीब 450 लोगों ने प्रतिभाग किया।
शिविर का आयोजन ज्वाइंट मजिस्ट्रेट एवं नोडल अधिकारी रुड़की दीपक रामचंद्र सेठ और नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी एवं सहायक नोडल अधिकारी कुलदीप सिंह चौहान की अध्यक्षता में किया गया। कार्यक्रम में राज्य मंत्री शोभाराम प्रजापति मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। इस दौरान विधानसभा संयोजक मुनीश सैनी, प्रदेश उपाध्यक्ष अल्पसंख्यक मोर्चा अफजाल अहमद, नगर पंचायत अध्यक्ष समीना, प्रतिनिधि सलीम प्रधान, मंडल अध्यक्ष गौरव सैनी समेत नगर पंचायत के सभासद मौजूद रहे।
शिविर में विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर लोगों को योजनाओं की जानकारी दी। इस दौरान लोगों ने अपनी समस्याएं और शिकायतें अधिकारियों के सामने रखी। शिविर में कुल 11 आवेदन प्राप्त हुए जिनमें से पांच प्रार्थनापत्रों का संबंधित विभागों ने मौके पर ही निस्तारण कर दिया। शेष छह आवेदनों को कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को भेज दिया गया।