लक्सर शुगर मिल के गन्ना क्रय केंद्रों की संख्या में इजाफा हुआ है। शुगर मिल को अतिरिक्त क्रय केंद्र आवंटित होने के बाद इस बार मिल के क्रय केंद्रों की संख्या बढ़कर 166 हो गई है। मिल प्रबंधन की ओर से आवंटित अतिरिक्त क्रय केंद्रों पर कांटा लगाने और कर्मचारियों की तैनाती शुरू कर दी गई है।
इकबालपुर शुगर मिल में गन्ना पेराई पर अब भी संशय बना हुआ है। बकाया भुगतान नहीं होने के कारण किसान मिल को गन्ना बेचने के लिए राजी नहीं हैं। इस बीच गन्ना विभाग ने इकबालपुर शुगर मिल क्षेत्र के क्रय केंद्र लक्सर, लिब्बरहेड़ी और डोईवाला चीनी मिल को आवंटित कर दिए हैं। इनमें लक्सर शुगर मिल को 44 क्रय केंद्र आवंटित किए गए हैं।
इसके बाद लक्सर शुगर मिल के क्रय केंद्रों की संख्या 122 से बढ़कर 166 हो गई है। पहले से चल रहे 122 केंद्रों से मिल को गन्ने की आपूर्ति हो रही है। मिल प्रबंधन नए क्रय केंद्रों पर कांटा स्थापित करने और कर्मचारियों की तैनाती कर रहा है। लक्सर शुगर मिल के गन्ना महाप्रबंधक डॉ. बीएस तोमर ने बताया कि चालू पेराई सत्र के लिए मिल को 44 नए क्रय केंद्र आवंटित किए गए हैं। इनमें 31 क्रय केंद्रों पर खरीद शुरू होगी। 12 केंद्रों पर कांटा लगाने के साथ कर्मचारियों की तैनाती की जा चुकी है। अन्य केंद्रों पर भी गन्ने की खरीद शीघ्र आरंभ हो जाएगी।
-