रुड़की (झबरेड़ा)। मखदूमपुर में सोमवार को कृषि मंत्री सुबोध उनियाल और स्थानीय विधायक देशराज कर्णवाल की पत्नी वैजयंती माला ने कृषि निवेश केंद्र के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण किया। निवेश केंद्र बनने से किसानों की समस्याओं का समाधान होगा। केंद्र के माध्यम से किसानों को कई प्रकार की जानकारी दी जाएगी।
कार्यक्रम का शुभारंभ करतेे हुए कृषि मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि न्याय पंचायत स्तर पर कृषि निवेश केंद्र खोला गया है। यहां किसानों की समस्याओं का समाधान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसान की आय को दुगना करने के लिए सरकार कोशिश कर रही है। राज्य सरकार जैविक खेती को बढ़ावा देने का काम भी कर रही है। जैविक खेती से उपजने वाली फसल का दाम बाजार में दोगुने दामों पर बिकने के साथ-साथ उनकी मांग भी बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि जैविक खेती करने से जो पैदावार होगी उनकी फसल के दाम अच्छे भाव पर सरकार स्वयं खरीदेगी। सरकार मधुमक्खी पालन को भी बढ़ावा देने का काम कर रही है, जिस पर सरकार 80 प्रतिशत तक अनुदान दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि अगर कोई भी नर्सरी की पौध अच्छी नस्ल की नहीं देता है तो पहली बार में उस पर पांच हजार रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। दूसरी बार में 50 हजार रुपये जुर्माना और जेल की सजा का भी प्रावधान है। उन्होंने कहा कि राज्य में 10 ब्लॉक ऐसे चिह्नित किए गए हैं जिन पर जैविक खेती से हुई फसल की खरीददारी की जाएगी, रासायनिक खाद को बंद किया जाएगा। इस मौके पर उन्होंने किसानों को जल्द ही गन्ना भुगतान देने का आश्वासन दिया। इस मौके पर चौधरी यशवीर सिंह, ब्लॉक प्रमुख जितेंद्र कुमार, सूर्यवीर मलिक, सुबोध शर्मा, सुशील राठी, रविंदर, बालेंद्र राजकुमार, ईश्वर, करण सिंह, आर प्रसाद, सचिन चौधरी, हर्षवर्धन, राजवीर, विश्वनाथ, विजय कुमार चौधरी समेत कई लोग मौजूद रहे।