हाईवे के किनारे रुड़की हरिद्वार विकास प्राधिकरण के अंतर्गत आ रही बेशकीमती जमीन पर अवैध निर्माण कार्य चल रहा है। पहले भूमि पर पिलर लगाए गए और अब ईंटें बिछाई जाने लगी है। बताया जा रहा है कि निर्माण में एक कांग्रेसी नेता की भी भूमिका है। हैरत की बात यह है कि प्राधिकरण को इसकी भनक तक नहीं है। पूछे जाने पर अब अधिकारी जांच कराने की बात कह रहे हैं।
दिल्ली-हरिद्वार हाईवे पर मलकपुर चुंगी के समीप पुलिस चौकी से सटी हुई खाली भूमि पड़ी है। एक साल पहले तक यह भूमि नगर निगम के अधीन थी। जिसके बाद यह भूमि एचआरडीए की रेखदेख में हैं। यहां कुछ दिनों से निर्माण कार्य चल रहा है। पहले इस भूमि पर सीमेंट और लोहे के पिलर खड़े किए गए। अब यहां खोखा रखने के साथ ही ईंटे बिछाए जाने का काम चल रहा है। बताया गया है कि इस निर्माण में एक कांग्रेसी नेता की भी भूमिका है। वहीं हाईवे किनारे चल रहे निर्माण कार्य की जानकारी एचआरडीए को नहीं लग पाना सवाल खड़े कर रहा है। वहीं एचआरडीए के अधिकारी मामले में जांच कराए जाने की बात कह रहे हैं। शहर में एचआरडीए की ओर से अवैध निर्माण और नजूल भूमि पर बिना अनुमति के चल रहे निर्माण को लेकर पहले भी सवाल उठते रहे हैं। प्राधिकरण नोटिस आदि की कार्रवाई करता है लेकिन बाजवूद इसके निर्माण कार्य जारी रहते हैं।