भगवानपुर। क्षेत्र के ग्राम हसनपुर निवासी एक ग्रामीण के घर में संदिग्ध परिस्थितियों में आग लगने से हड़कंप मच गया। समय रहते ग्रामीणों ने आग को बुझा दिया। जिस कारण कोई जनहानि नहीं हुई।
भगवानपुर क्षेत्र के ग्राम हसनपुर निवासी संदीप कुमार ने बताया कि वह बृहस्पतिवार की सुबह के समय प्रतिदिन की तरह अपने घर में दीप जलाकर पूजा करने के बाद घेर में चला गया। जैसे ही वह वापस आया तो घर के कमरे से धुआं उठते हुए देखकर उसके होश उड़ गए और उसने शोर मचा दिया। इससे आसपास के लोगों ने आनन-फानन मौके पर पहुंच पानी डालकर आग पर काबू पाया। संदीप कुमार ने बताया कि आग से पूजाघर में रखा सामान जल गया। समय रहते आग बुझा दी गई थी।