दीपावली की रात मंदिर में रखे दीये से कमरे में लग गई। शोर-शराबा होने पर पड़ोसियों की भीड़ भी घर के आसपास जमा हो गई। सूचना मिलने पर अग्निशमन कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। आग लगने से काफी सामान जलकर राख हो गया। गनीमत रही कि आग अन्य कमरों में नहीं फैली वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
सोमवार देर रात गोल्डन हाउसिंग सोसायटी न्यू आदर्श नगर में योगेंद्र मेहंदी प्रताप के घर में एक कमरे में मंदिर बना है। परिवार दीपावली के जश्न में डूबा था। तभी मंदिर के दीपक से कमरे में आग लग गई। कुछ ही मिनट में आसपास रखा कपड़ा, लकड़ी आदि सामान सहित प्लास्टिक व अन्य चीजों ने आग पकड़ ली। आग बड़ी तेजी से कमरे में फैल गई।
घर से धुआं उठता देख परिवार के लोग घर से बाहर आकर शोर मचाने लगे। लोगों ने खुद आग बुझाने की कोशिश करते हुए फायर ब्रिगेड का सूचना दी। कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य शुरू किया। फायर स्टेशन इंचार्ज वंश नारायण यादव ने बताया कि देर रात एक सोसायटी के घर में आग लगने की सूचना पर फायर कर्मी मौके पर पहुंचे थे। फायर कर्मियों ने जल्द आग पर काबू पाया। लोगों से अपील है कि वह अपने घर की गैरमौजूदगी के वक्त कोई भी दीया या मोमबत्ती जलाकर न रखें।