हरिद्वार से रायसी होते हुए बालावाली तक परिवहन निगम की बस सेवा शुरू होने की आस जगी है। राज्यस्तरीय सलाहकार समिति के सदस्य गोपाल कुंडलीवाल और जिला पंचायत सदस्य रीतू रानी ने बस सेवा के लिए निगम अधिकारियों को पत्र भेजा था। कतिपय कारणों के कारण बस सेवा आरंभ नहीं हो सकी थी। इसपर उन्होंने दोबारा से विभाग को पत्र भेजा था। गोपाल कुंडलीवाल ने बताया कि पत्र पर मंडलीय प्रबंधक संचालन सुरेश सिंह चौहान ने हरिद्वार डिपो के सहायक महाप्रबंधक को मार्ग पर कराए गए सर्वे की रिपोर्ट, अब तक हुई कार्रवाई और बस सेवा आरंभ नहीं होने पाने के संबंध में ब्यौरा उपलब्ध कराने को कहा है। उन्होंने बताया कि मंडलीय प्रबंधक ने इस बाबत कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए हैं। विभागीय सर्वे में सब कुछ ठीक पाया गया तो मार्ग पर शीघ्र बस सेवा आरंभ हो सकेगी।