न किसी ने एटीएम बदला, न ही किसी ने फोन पर एटीएम कार्ड का नंबर और पासवर्ड पूछा। इस सबके के बाद भी एक व्यक्ति के खाते से तीन दिन में 80-80 हजार रुपये करके 2.40 लाख रुपये निकल गए हैं। पीड़ित ने मामले की तहरीर पुलिस को दी है। पुलिस मामले में खाता हैक होने की आशंका जता रही है। साथ ही मामले को साइबर सेल को स्थानांतरित किए जाने की तैयारी की जा रही है।
गंगनहर कोतवाली अंतर्गत ईदगाह चौक निवासी मोहम्मद आजम ने पुलिस को बताया कि उसका एक्सिस बैंक में एकाउंट हैं। 25, 26 और 27 जुलाई में उसके मोबाइल पर मैसेज आए। जिसमें 80-80 हजार रुपये निकले हैं। 27 जुलाई को उसने मैसेज पर ध्यान दिया। इसके बाद उसने बैंक में पहुंचकर मामले की शिकायत की। जिस पर बैंक ने उसका एकाउंट ब्लॉक कर दिया, ताकि और रुपये न निकल सकें। बैंक से रुपये की डिटेल निकलवाने पर पता चला कि उसके खाते से तीन दिन तक रुपये निकले हैं।
प्रतिदिन 40 हजार रुपये एटीएम से और 40 हजार रुपये रितेश नाम के एक व्यक्ति के खाते में स्थानांतरित हुए हैं। एटीएम से जो रुपये निकले हैं वह लखनऊ के एक एटीएम से निकाले गए हैं। पीड़ित ने बताया कि उसका एटीएम उसके पास है। इसके अलावा उसने किसी को भी अपना एटीएम कार्ड नंबर और पासवर्ड आदि नहीं बताया है। एसएसआई देवराज शर्मा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हैकिंग का लग रहा है। इस संबंध में बैंक से भी जानकारी जुटाई जाएगी। साथ ही मामले की जांच साइबर सेल को भेजी जाएगी।