क्षेत्र में बुधवार तड़के डेरियों गांव में घुसे गुलदार के शावक को देखकर ग्रामीण दहशत में आ गए। ग्रामीणों ने शावक को पकड़कर वन विभाग को सौंप दिया है।
खानपुर क्षेत्र के डेरियों गांव में बुधवार तड़के कुत्तों का एक पूरा झुंड लगातार भौंक रहा था। कुत्तों के इस तरह से भौंकने को लेकर ग्रामीणों ने देखा तो उन्हें गुलदार का एक शावक नजर आया। कुत्ते उस पर झपट रहे थे। ग्रामीणों ने शावक को छुड़ा लिया और उसे एक कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद वन विभाग को इसकी जानकारी दी गई। सूचना पर काफी देर बाद गोवर्धनपुर से वन विभाग एक टीम मौके पर पहुंची, जो गुलदार के शावक को लेकर चली गई।
क्षेत्रीय ग्रामीण सुशील चौधरी, ब्रिजेश शर्मा, अरुण कुमार, प्रमोद कुमार आदि का कहना है कि पिछले चार माह से लक्सर व खानपुर क्षेत्र में लगातार गुलदार की चहलकदमी बनी हुई है। वन विभाग इसे गंभीरता से नहीं ले रहा है। अब शावक के मिलने से यह साबित हो गया है कि आसपास ही मादा गुलदार जरूर होगी। नर गुलदार भी हो सकता है। इसको लेकर ग्रामीण दहशत में हैं।
शावक को फिलहाल चिड़ियापुर भेजा रहा है। वहां उसके स्वास्थ्य की जांच कराई जाएगी। उसके बाद उच्चाधिकारियों की ओर से जो भी निर्देश प्राप्त होंगे। उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
- यशपाल सिंह राठौर, रेंजर, लक्सर