चार बच्चों के साथ संदिग्ध परिस्थिति में लापता हुई महिला और चारों बच्चों को जीआरपी ने देहरादून से सकुशल तलाश लिया। पारिवारिक विवाद में महिला परिजन से नाराज होकर अपने दूर के रिश्तेदार के पास देहरादून चली गई थी। पूछताछ के बाद उन्हें परिजनों के संरक्षण में दे दिया गया।
लक्सर निवासी नौशाद ने जीआरपी को बताया था कि उनकी पत्नी आयशा अपने चार नाबालिग बच्चों के साथ दो जुलाई को शाम करीब 4 बजे लक्सर रेलवे स्टेशन पर पहुंची थी। यहां से उन्हें लिंक एक्सप्रेस ट्रेन से नजीबाबाद जाना था लेकिन महिला और बच्चे लापता हो गए। काफी तलाश के बावजूद उनका पता नहीं लग सका।
मामले को गंभीरता से लेते हुए अपहरण की धारा में प्राथमिकी दर्ज कर जीआरपी प्रभारी निरीक्षक राजीव चाैहान व एएसआई अतुल चौहान के नेतृत्व में पुलिस की अलग - अलग टीमें यूपी और उत्तराखंड में महिला व बच्चों की तलाश में जुट गईं थीं। सीसीटीवी और सर्विलांस की मदद से महिला की लोकेशन देहरादून में मिली। पुलिस टीम ने 48 घंटों के भीतर ही महिला और बच्चों को देहरादून रेलवे स्टेशन के समीप से तलाश लिया।
पूछताछ में महिला ने बताया कि वह बच्चों के साथ अपनी ननद के घर नजीबाबाद जाने के लिए निकली थीं। पारिवारिक विवाद में नाराजगी के कारण वहां जाने के बजाय वह देहरादून में अपने एक दूर के रिश्तेदार के घर चली गई थीं। इसके बाद से वह वहीं रह रहीं थीं। जीआरपी प्रभारी ने बताया कि महिला और उसके बच्चों को सकुशल उनके परिजन के संरक्षण में दे दिया है।