केएचईएल 3.0 का रोमांचक मुकाबलों के साथ समापन, विजेता टीमों को किया सम्मानित
वॉलीबाल, फुटबाॅल, रस्साकशी और रिले रेस में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
रुड़की। ग्रीनवे मॉडर्न स्कूल-2 में आयोजित दो दिवसीय खेल प्रतियोगिता केएचईएल 3.0 का बुधवार को रोमांचक मुकाबलों के साथ समापन हुआ। दूसरे दिन सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबलों में खिलाड़ियों ने उत्साह, अनुशासन और खेल भावना का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में वॉलीबऑल, फुटबाॅल, रस्साकशी, जी-2 रिले रेस और स्लो साइकिल रेस के मुकाबले हुए।
वॉलीबाॅल में शिवालिक गंगा पब्लिक स्कूल ने पहला, ग्रीनवे मॉडर्न स्कूल-2 ने दूसरा और स्कॉलर्स एकेडमी ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। फुटबाॅल में माउंट लिट्रा जी स्कूल रुड़की विजेता, डीपीएस रुड़की उपविजेता रहा। बालक वर्ग की रस्साकशी में ग्रीनवे मॉडर्न स्कूल-1 की टीम ए प्रथम और टीम बी दूसरे स्थान पर रही। बालिका वर्ग में भी ग्रीनवे मॉडर्न स्कूल-1 की टीम ए ने पहला स्थान हासिल किया।
जी-2 रिले रेस के बालक और बालिका वर्ग में ग्रीनवे मॉडर्न स्कूल-2 की टीम ए विजेता रही। स्लो साइकिल रेस में भी ग्रीनवे मॉडर्न स्कूल-2 के खिलाड़ियों ने विभिन्न वर्गों में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। समापन समारोह में विजेता और उपविजेता टीमों को पदक, ट्रॉफी और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। प्रधानाचार्य डॉ. सीमा भूषण ने कहा कि खेल विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, धैर्य और टीम भावना विकसित करते हैं। इस दौरान उपप्रधानाचार्य शिखा साहनी, रिदम चौहान और महक चौहान मौजूद रहे।