एफडी के नाम पर ज्यादा ब्याज का लालच देकर युवती से एक लाख 37 हजार रुपये ठगने का मामला सामने आया है। युवती ने मामले में आरोपी युवक के खिलाफ पुलिस को शिकायत दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मुंडाखेड़ा कलां निवासी एक युवती ने कोतवाली पुलिस को शिकायत देकर बताया है कि साल 2018 के सितंबर माह में गांव का एक युवक उनके घर पर आया था, उसने खुद को बीमा कंपनी का एजेंट बताते हुए एफडी करने की बात कही। आरोप हैै युवक ने एक लाख 65 हजार रुपये की राशी पर 35 हजार रुपये सालाना ब्याज मिलने का लालच दिया। युवक के झांसे मेें आकर उनके पिता एफडी करने को तैयार हो गए। एफडी का एक साल पूरा होने के बाद जब युवक से एफडी की रकम मांगी गई तो वह टालमटोल करने लगा। इसके बाद संबंधित कंपनी के कार्यालय पर जाकर पूछताछ की गई तो पता चला कि युवक कंपनी का बीमा एंजेट नहीं है। जिसके बाद युवक से एफडी के नाम ठगी गई रकम वापस मांगी गई तो उसने 28 हजार रुपये लौटाए। शेष रकम लौटाने से इंकार कर दिया। अब मामले में आरोपी युवक के खिलाफ पुलिस में शिकायत दी गई है। एसएसआई अभिनव शर्मा ने बताया कि मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।