एक व्यक्ति ने गांव के ही युवक पर अपनी बहन का रिश्ता तुड़वाने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने मामले की तहरीर पुलिस को देकर कार्रवाई की मांग की हैं।
पिरान कलियर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने पुलिस को बताया कि उसकी बहन का रिश्ता रानीपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में हुआ था। 12 जनवरी को शादी का जोड़ा जाना था। गांव के ही एक युवक ने बहन के मंगेतर के भाई को फोन कर उसकी बहन के बारे में अपशब्द कहकर रिश्ता तुड़वाया दिया है। युवक हुक्का गैंग से जुड़ा है। रिश्ता टूटने के बाद उसकी बहन को गहरा सदमा लगा। इससे वह सदमे में चली गई। साथ ही उनकी समाज में बदनामी हुई है। बहन के मंगेतर ने यह सभी बातें उन्हें बताई हैं। उन्होंने जब युवक से पूछा तो वह गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी देने लगा। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर युवक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की हैं। थाना प्रभारी दिलवर सिंह नेगी ने बताया कि तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है।