विश्व प्रसिद्ध दरगाह साबिर पाक परिसर में बनाए गए एक वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होने से रोष व्याप्त है। वायरल रील को लेकर दरगाह के सज्जादानशीन परिवार के सदस्य असद साबरी ने तहसील प्रशासन, दरगाह प्रबंधन और थाना कलियर में शिकायतपत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
शिकायतकर्ता असद साबरी ने पुलिस को दिए गए पत्र में बताया कि वायरल वीडियो दरगाह साबिर पाक के पवित्र परिसर के भीतर फिल्माया गया है। वीडियो में एक युवक और युवती को मोबाइल नंबर देते हुए दिखाया गया है। इससे करोड़ों अकीदतमंदों की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।
उन्होंने कहा कि दरगाह साबिर पाक आस्था, रूहानियत और अदब का केंद्र है। ऐसे पवित्र स्थल पर इस तरह की रील बनाना मर्यादा के विरुद्ध है। इससे देश-विदेश से आने वाले जायरीनों की भावनाओं को ठेस पहुंची है। आरोप है कि उक्त वीडियो एक इंस्टाग्राम आईडी से अपलोड किया गया है जिसकी पहचान के आधार पर संबंधित युवक और युवती के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।
शिकायतकर्ता ने मांग की कि वीडियो के आधार पर युवक-युवती की पहचान कर धार्मिक भावनाओं को आहत करने से संबंधित धाराओं में तत्काल प्राथमिकी दर्ज किया जाए। इस संबंध में थाना कलियर के एसओ रविंद्र कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर वायरल वीडियो की जांच की जा रही है। तथ्यों की पुष्टि के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।