इंपोर्ट-एक्सपोर्ट बिजनेस में मुनाफा कमाने का झांसा देकर 22 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। रकम वापस मांगने पर जान से मारने की धमकी दी गई। पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
नगर के मोहल्ला बाहर किला निवासी साहिल ने तहरीर देकर बताया कि पठानपुरा निवासी जफर अब्बास का देश-विदेश में इंपोर्ट-एक्सपोर्ट का बिजनेस है। इस कारोबार में मोटा मुनाफा होता है। इसके बाद उन्होंने करीब 22 लाख रुपये जफर अब्बास पक्ष को दिए। एक साल तक तो मुनाफे की रकम मिली लेकिन तीन माह से मुनाफा मिलना बंद हो गया है।
आरोप है कि जफर अब्बास पक्ष ने उनकी रकम को कारोबार में लगाने के बजाय अपने चचेरे भाइयों की संपत्ति में लगा दिया। तीन मई को वह अपनी रकम मांगने के लिए जफर अब्बास पक्ष के घर गए तो उन्हें जान से मारने की धमकी मिली। इंस्पेक्टर शांति कुमार गंगवार ने बताया कि तहरीर के आधार पर जफर अब्बास, मोहम्मद जैदी और सोनू के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।