ओएलएक्स पर स्मार्ट फोन खरीदना एक युवक को भारी पड़ गया। ठग ने युवक को झांसे में लेकर एडवांस में 21 हजार की रकम खाते में डलवा ली। पीड़ित युवक की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई है।
सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र स्थित नगला इमरती गांव निवासी नदीम ने पुलिस को बताया कि वह कई दिनों से ओएलएक्स पर एप्पल कंपनी का पुराना मोबाइल खरीदने के लिए विज्ञापन देख रहा था। इस बीच उसे ओएलएक्स पर एक मोबाइल मिला। एक युवक ने 21 हजार रुपये में एप्पल का पुराना मोबाइल बेचने के लिए विज्ञापन डाल रखा था।
इस पर उसने विज्ञापन के साथ दिए गए मोबाइल नंबर पर संपर्क किया। संपर्क करने पर पता चला कि युवक मुजफ्फरनगर रहने वाला है। इस बीच 21 हजार में मोबाइल का सौदा तय हो गया। मोबाइल बेचने वाले ने नदीम से एडवांस में खाते में 21 हजार रुपये डालने की बात कही। साथ ही कहा कि वह उसके घर के पते पर मोबाइल भेज देगा। झांसे में आकर उसने खाते में 21 हजार रुपये डलवा दिए। रुपये डलवाने के बाद उसने युवक से मोबाइल पर संपर्क किया तो बंद आया। इस पर पीड़ित को ठगी का अहसास हुआ। पीड़ित ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की। एसएसआई दीप कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर जांच कराई जा रही है।