शहर में दिनदहाड़े फायरिंग करने वाले चौथे बदमाश को पुलिस ने तमंचे और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। मामले में पुलिस की ओर से फरार बदमाशों की तलाश में ताबड़तोड़ संभावित ठिकानों पर दबिश जारी है।
गंगनहर कोतवाली को सड़क वाली मस्जिद गांव रामपुर निवासी अफजाल ने 11 जून को तहरीर देकर बताया था कि पुत्र का दोस्त समीम रुड़की जेल में बंद इंतजार निवासी रामपुर से मिलने गया था। तभी वहां रंजिश के कारण नईम उर्फ लक्खा गुट ने बाहर खड़े युवकों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी थी। फायरिंग की घटना से मौके पर दहशत का माहौल पैदा हो गया था और एक खोखे के पास खड़े युवकों ने किसी तरह से इधर-उधर भागकर अपनी जान बचाई थी।
पुलिस ने हत्या के प्रयास के आरोप में नईम उर्फ लक्खा, नदीम, सुहेल उर्फ चीनू निवासी गांव पुहाना कोतवाली भगवानपुर, समीर निवासी इस्लामनगर रुड़की कोतवाली, गांव खाताखेड़ी कोतवाली झबरेड़ा शमशेर समेत अन्य हमलावरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी। 13 जून को पुलिस ने समीर निवासी गली नं. 6 रामपुर चुंगी कोतवाली गंगनहर रुड़की पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। 18 जून को नदीम निवासी पुहाना कोतवाली भगवानपुर और शमशेर निवासी खाताखेड़ी कोतवाली झबरेड़ा को गिरफ्तार किया। वरिष्ठ उपनिरीक्षक दीप कुमार ने बताया कि नईम उर्फ लक्खा निवासी पुहाना कोतवाली भगवानपुर को तमंचे और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है।