उत्तराखंड गोवंश स्क्वाॅड ने पुलिस के साथ मिलकर नगर में दो मंजिला मकान पर छापा मारा। इस दौरान दो लोग पशु का कटान करते पाए गए। पुलिस को देखकर आरोपियों ने भागने का प्रयास किया। इसके बाद पुलिस ने एक आरोपी को मौके से दबोच लिया। उसका भाई फरार हो गया। पुलिस ने मौके से चार क्विंटल मांस व कटाई के उपकरण बरामद किए हैं। पुलिस ने दोनों भाइयों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पकड़े गए आरोपी का चालान कर दिया है।
उत्तराखंड गोवंश संरक्षण स्क्वाॅड के उपनिरीक्षक शरद कुमार बुधवार रात हमराहों के साथ गश्त कर रहे थे। इसी दौरान उनको सूचना मिली कि मंगलौर के मोहल्ला मलकपुरा में स्थित एक दो मंजिला मकान के आंगन में दो सगे भाई पशु का कटान कर रहे हैं। सूचना मिलते ही टीम पुलिस चौकी पहुंची और पुलिस के साथ मिलकर छापा मारा।
पुलिस को देखकर दोनों भाइयों ने भागने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस ने एक आरोपी को दबोच लिया जबकि उसका भाई मकान की छत से होते हुए फरार हो गया। टीम ने मौके से चार क्विंटल मांस और कटाई के उपकरण बरामद किए हैं। पुलिस टीम ने पशु चिकित्सक को मौके पर बुलाया।
कोतवाल अमरजीत सिंह ने बताया कि राशिद व फरीद निवासी मलकपुरा मंगलौर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पकड़े गए राशिद का चालान कर दिया गया है। उसके भाई को दबोचने के लिए उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।