एडीएम कोर्ट के लगाए गए जुर्माने को चार मीट कारोबारियों ने जमा कर दिया, जबकि पंद्रह कारोबारियों ने जुर्माना जमा नहीं किया है। इसके बाद इन पंद्रह मीट कारोबारियों की आरसी काट दी गई है।
पिछले दिनों खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से मंगलौर में मीट कारोबारियों की दुकानों पर छापेमारी की गई थी। इसमें मानकों के विपरीत 19 मीट की दुकानें संचालित होती पाई गई थी। इस सभी दुकानदारों को नोटिस दिए गए थे, लेकिन नोटिस का जवाब नहीं मिलने के कारण इन सभी 19 मीट कारोबारियों के खिलाफ एडीएम वित्त एवं राजस्व की कोर्ट में मुकदमा दर्ज कराया गया था। इसके बाद कोर्ट ने सभी 19 मीट कारोबारियों पर बीस-बीस हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया था। रुड़की के खाद्य सुरक्षा अधिकारी संतोष कुमार ने बताया कि 19 में से चार मीट कारोबारियों ने जुर्माना जमा करा दिया था। जबकि पंद्रह लोगों ने अभी तक जुर्माना नहीं भरा है। इस कारण इन मीट कारोबारियों की आरसी जारी की गई है। खाद्य सुरक्षा अधिकारी संतोष कुमार ने बताया कि मानकों की अनदेखी करने वाले मीट कारोबारियों को नहीं बख्शा नहीं जाएगा।