रुड़की। पुलिस ने लूट की योजना बना रहे पांच बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बदमाशों के पास से दो तमंचे, दो जिंदा कारतूस, एक एयरगन पिस्टल और एक चाकू बरामद किया है। पुलिस ने पांचों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है।
शनिवार को एसपी देहात एसके सिंह ने सिविल लाइंस कोतवाली में प्रेस वार्ता कर लूट की योजना बनाने वाले गिरोह का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि अपराधों की रोकथाम के लिए पुलिस की ओर से लगातार अभियान चलाया जा रहा है। शनिवार सुबह मुखबिर से पुलिस को सूचना मिली कि मंडावर पुलिस चौकी क्षेत्र स्थित वंडर कंपनी के पास की गली में खाली फ्लैट में पांच बदमाश बैठे हैं और लूट की योजना बना रहे हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घेराबंदी कर पांचों को पकड़ लिया। पुलिस ने उनके पास से दो 315 के तमंचे, दो जिंदा कारतूस, एक एयरगन और एक चाकू बरामद किया है। एसपी देहात ने बताया कि पांचों ने पूछताछ में अपना नाम व पता अंकुर पुत्र ओमवीर सिंह और रितिक पुत्र भूपेंद्र निवासी ग्राम दतियाना, थाना छपार जिला मुजफ्फरनगर, विशाल पुत्र मुकेश निवासी ग्राम दुखचड्डा, थाना देवबंद जिला सहारनपुर, तरुण पुत्र कटार सिंह निवासी ग्राम गंगदासपुर, थाना देवबंद जिला सहारनपुर, सत्यम पुत्र सत कुमार निवासी ग्राम सिसौना, थाना भगवानपुर को बताया है। पांचों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है।
कांट्रेक्टर के यहां काम करता है रितिक
एसपी देहात ने बताया कि पूछताछ में पता चला है कि भगवानपुर इंडस्ट्रीज एरिया में दो मिश्रा बंधु लेबर कांट्रेक्टर हैं, जो कर्मचारियों की तनख्वाह खुद बांटते हैं। उनके अंडर में रितिक भी कांट्रेक्ट पर काम करता है, जो उनके घर और परिचितों को भी जानता है। एसपी देहात ने बताया कि पकड़े गए बदमाशों के आपराधिक इतिहास की जानकारी की जा रही है।
पुलिस टीम में ये रहे शामिल
एसओ पीडी भट्ट, एसआई पुष्पेंद्र सिंह, एसआई सुनील रावत, सिपाही भाव सिंह चौहान, प्रदीप, संजय रावत और शूरवीर सिंह शामिल रहे।