झाड़ फूंक करने वाले ने एक महिला से उसकी बेटी के सिर पर जिन्न उतारने के लिए पूजा के नाम पर हजारों की नकदी ले ली। यही नहीं एकांत में पूजा कराने के नाम पर उसकी बेटी को होटल में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गंगनहर कोतवाली क्षेत्र निवासी एक महिला ने एसीजेएम कोर्ट में प्रार्थनापत्र देकर बताया था कि उसकी बेटी की तबीयत खराब रहती थी। जब दवा खाने के बाद भी वह ठीक नहीं हुई तो वह उसे जनवरी 2025 में कलियर ले गई। यहां उसे सुशीला नाम की महिला मिली। उसने बताया कि भारूवाला लक्सर निवासी समर सिंह झाड़ फूंक का काम करता है और उसकी बेटी को पूरी तरह ठीक कर देगा।
महिला के साथ वह समर सिंह के घर चली गई। यहां समर ने उसे विश्वास में लेने के लिए उसकी बेटी के शरीर पर एक निशान बताया। महिला ने बेटी को अलग ले जाकर उसके शरीर पर वह निशान देखा तो उसे विश्वास हो गया। बताया कि उसकी बेटी के सिर पर जिन्न का साया है। इसके बाद समर सिंह ने कुछ पूजा की और कहा कि उसकी बेटी की तबीयत सुधर जाएगी।
महिला ने समर सिंह को एक हजार रुपये भी दिए लेकिन घर आने के बाद बेटी की तबीयत बिगड़ती चली गई। इसपर एक दिन समर घर आया और पूजा करने के एवज में 10 हजार रुपये लिए। इस दौरान आरोपी एकांत में पूजा करने का झांसा देकर उसकी बेटी को रोडवेज के पास एक होटल में ले गया और दुष्कर्म किया।
इसके बाद किसी को बताने पर उसके सिर पर फिर से जिन्न आने का भय दिखाया। घर पहुंची बेटी को उदास देखकर उसे पूछताछ की तो आरोपी की करतूत पता चली। इसके बाद पुलिस को तहरीर दी लेकिन कोई कार्रवाई नहीं होने पर कोर्ट से गुहार लगाई। इंस्पेक्टर मणि भूषण श्रीवास्तव ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।