दरगाहपुर गांव निवासी आकाश ने लक्सर निवासी विनोद गुप्ता पर किराए पर चलाने के बहाने ट्रैक्टर हड़पने और गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। आरोप है कि पुलिस के समक्ष समझौता होने के बावजूद आरोपी ने ट्रैक्टर ऋण की किस्त और किराया नहीं दिया। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
आकाश की ओर से न्यायालय को दिए गए प्रार्थनापत्र में बताया गया कि उनके पिता लक्सर के गोवर्धनपुर मार्ग निवासी विनोद कुमार गुप्ता के यहां 10 हजार रुपये मासिक वेतन पर ट्रैक्टर चालक का कार्य करते थे। उनके वेतन के 1.70 लाख उसपर बकाया चल रहे थे। आकाश के अनुसार, विनोद ने इसके एवज में उन्हें नया ट्रैक्टर दिलाने की बात कही और 3 जनवरी 2025 को वह उन्हें मुजफ्फरनगर एजेंसी में लेकर गया।
यहां उसने अपना एक पुराना ट्रैक्टर 1.30 लाख में एजेंसी पर देकर उन्हें बाकी के 40 हजार भी जल्दी देने का वादा करते हुए उनसे 1.70 लाख रुपये और जमा कराकर 8.44 लाख का ऋण कराते हुए उनके नाम से एक ट्रैक्टर खरीदवा दिया। इसके करीब 10 दिन बाद विनोद दोबारा उनके पास आया और उनका ट्रैक्टर एक फैक्टरी में किराए पर लगाने की बात कहते हुए 50 हजार मासिक किराए का वादा करके ट्रैक्टर ले आया।
एक महीने के बाद वह किराया लेने विनोद के पास पहुंचे तो आरोपी ने किराया व ट्रैक्टर देने से साफ इन्कार करते हुए गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। उनके पुलिस को शिकायत करने पर आरोपी ने 25 मार्च 2026 तक ट्रैक्टर की किस्त और किराया देने का लिखित आश्वासन दिया था लेकिन आरोपी ने ऐसा नहीं किया। पुलिस को शिकायत करने पर कोई कार्रवाई नहीं हुई तो उन्होंने न्यायालय की शरण ली। पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।