गाधारोणा से थिथौला मार्ग पर वाहन की टक्कर से नगर पंचायत लंढौरा का नाला क्षतिग्रस्त हो गया। मामले में नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी की तहरीर पर पुलिस ने जेसीबी चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिशासी अधिकारी ने 29 अगस्त को कोतवाली मंगलौर पुलिस को तहरीर दी। इसमें बताया गया कि गाधारोणा से थिथौला मार्ग पर नगर पंचायत की ओर से निर्मित नाला स्थित है। अज्ञात जेसीबी चालक ने वाहन चलाते समय नाले को टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया। इससे नाले को नुकसान पहुंचा है और नगर पंचायत को आर्थिक क्षति होने की बात कही गई है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर जेसीबी के पंजीकरण नंबर के जरिये चालक की पहचान करते हुए उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना से संबंधित साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।