साइंटिफिक टेस्टिंग लैब पर कथित धोखाधड़ी, रिकॉर्ड में हेरफेर और फर्जी टेस्ट रिपोर्ट जारी करने के आरोप सामने आए हैं। गृह मंत्रालय के अधीन नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) के उप महानिदेशक आनंद प्रकाश तिवारी ने लैब के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
13 नवंबर 2025 को सीडीएससीओ और एनसीबी देहरादून जोनल यूनिट की संयुक्त टीम ने रुड़की की साइंटिफिक टेस्टिंग लैब का निरीक्षण किया। जांच के दौरान बिना वास्तविक परीक्षण के टेस्ट रिपोर्ट जारी करने, निरीक्षण के समय कोडीन फॉस्फेट के नमूने प्रस्तुत न कर पाने, नमूनों के रखरखाव, परीक्षण और ट्रेसिबिलिटी से जुड़े आवश्यक रिकॉर्ड उपलब्ध न होने जैसी गंभीर अनियमितताएं सामने आई थी। आरोप है कि निरीक्षण में लैब में प्रथम दृष्टया धोखाधड़ी, जालसाजी, रिकॉर्ड में हेरफेर और फर्जी दस्तावेजों के इस्तेमाल के संकेत स्पष्ट हुए थे। गंगनहर कोतवाली पुलिस के अनुसार तहरीर के आधार पर मैसर्स साइंटिफिक टेस्टिंग लैब पुहाना रुड़की के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।