थाना क्षेत्र के पीपल चौक पर रविवार को पुरानी रंजिश के कारण जायरीनों के दो पक्षों में मारपीट हो गई। इसमें एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना से क्षेत्र में अफरातफरी मच गई। ज्वालापुर से कुछ महिलाएं और पुरुष पिकअप वाहन से साबिर पाक में हाजिरी देने आए थे। जब वे हाजिरी के बाद वापस घर लौट रहे थे तभी पीपल चौक पर पहले से मौजूद कुछ लोगों ने उनपर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट शुरू हो गई। मौके पर मौजूद राहगीरों ने बीचबचाव कर किसी तरह मामला शांत कराया। मारपीट में घायल महिला को परिजनों ने निजी अस्पताल में भर्ती कराया। घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। थाना प्रभारी रवींद्र कुमार ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में नहीं है। इस प्रकार की कोई घटना हुई है तो जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।