प्रशिक्षण कार्य पूरा कराने के बाद भी खाते में नहीं पहुंची धनराशि
फील्ड ट्रेनरों ने जल्द मानदेय जारी करने की उठाई मांग
जनगणना के प्रथम चरण की तैयारियों के तहत प्रशिक्षण देने वाले फील्ड ट्रेनरों को अब तक मानदेय नहीं मिल पाया है। प्रशिक्षण का कार्य पूरा हुए काफी समय बीत चुका है लेकिन इसके बावजूद संबंधित कर्मचारियों के खातों में भुगतान नहीं पहुंचा है। इससे फील्ड ट्रेनरों में नाराजगी है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों से जल्द मानदेय जारी करने की मांग की है।
जनगणना कार्य को व्यवस्थित और समयबद्ध तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रथम चरण में भगवानपुर, नारसन, रुड़की और लक्सर ब्लॉक समेत अन्य ब्लॉक के फिल्ड ट्रेनरों को जिम्मेदारी सौंपी गई थी। इन ट्रेनरों ने संबंधित कर्मचारियों को जनगणना से जुड़ी प्रक्रिया, डाटा संकलन और अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं की जानकारी दी थी।
इसके लिए निर्धारित प्रशिक्षण कार्यक्रम भी आयोजित किए गए थे। फील्ड ट्रेनरों ने अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए प्रशिक्षण कार्य पूरा कराया लेकिन अब तक उन्हें इसका मानदेय नहीं मिला है। फील्ड ट्रेनरों का कहना है कि प्रशिक्षण के दौरान उन्होंने पूरी जिम्मेदारी के साथ काम किया। इसके बावजूद भुगतान को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल रही है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से भुगतान की स्थिति स्पष्ट करने और लंबित मानदेय जल्द जारी कराने की मांग की है। जनगणना से जुड़े विभागीय कर्मचारी हर्ष पोखरियाल ने बताया कि प्रथम चरण की जनगणना में शामिल सभी फिल्ड ट्रेनरों के मानदेय की सूची जारी हो गई है। जल्द उनके खातों में पहुंच जाएगी।