उत्तराखंड किसान मोर्चा की ओर से जेएम कार्यालय के बाहर गन्ना भुगतान की मांग और स्मार्ट मीटर के विरोध में धरना लगातार जारी है। सोमवार को ज्वालापुर से कांग्रेस विधायक रवि बहादुर किसानों के बीच पहुंचे और उन्होंने किसानों की मांगों का समर्थन किया।
विधायक ने कहा कि भाजपा सरकार किसानों के प्रति दमनकारी नीति अपना रही है। किसानों को अपना ही बकाया भुगतान पाने के लिए धरने पर बैठना पड़ रहा है जो दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने आश्वासन दिया कि वह किसानों की आवाज विधानसभा से लेकर सड़क तक उठाएंगे। वहीं, संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष गुलशन रोड़ ने चेतावनी दी कि यदि गन्ना भुगतान समयबद्ध तरीके से नहीं किया गया और स्मार्ट मीटर लागू करने के निर्णय को वापस नहीं लिया गया तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसान अब चुप नहीं बैठेंगे और सरकार को उनकी जायज मांगें माननी ही होंगी। धरने में शामिल किसानों ने एक स्वर में कहा कि जब तक उनकी समस्याओं का समाधान नहीं होगा तब तक यह आंदोलन जारी रहेगा। इस दौरान किसान नेताओं ने सरकार को चेताया कि किसानों की अनदेखी अब भारी पड़ेगी।