राजकीय कन्या इंटर कॉलेज में दो दिवसीय कार्यशाला का समापन
राजकीय कन्या इंटर कॉलेज रुड़की में आयोजित दो दिवसीय किशोरावस्था (एडोलिसेंस) जागरूकता कार्यशाला का बृहस्पतिवार को समापन हो गया। दूसरे दिन छात्राओं को शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक बदलावों के साथ स्वास्थ्य एवं स्वच्छता से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलित करके किया गया। इसकी अध्यक्षता विद्यालय की प्रधानाचार्या नीलम कटियार ने की।
कार्यशाला में सिविल अस्पताल से पहुंचीं दीपा ने छात्राओं को किशोरावस्था में होने वाले शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक परिवर्तनों के बारे में विस्तार से बताया। इस दौरान मासिक धर्म स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से छात्राओं को सेनेटरी नैपकिन भी वितरित किए गए। कार्यक्रम प्रभारी अनु कोहली रहीं। चित्रकला प्रतियोगिता में हिमांशी ने प्रथम, रिमझिम ने द्वितीय और मिस्बा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
वहीं, निबंध प्रतियोगिता में आरुषि प्रथम, ईशानी द्वितीय और वैष्णवी तृतीय स्थान पर रहीं। विजेता छात्राओं को सम्मानित किया गया। नीलम कटियार ने कहा कि किशोरावस्था जीवन का महत्वपूर्ण चरण है। इस अवसर पर शिक्षिकाएं रीता बिजल्वाण, अंजुल सैनी, ज्योति सैनी और सुनीता सहित अन्य शिक्षिकाएं मौजूद रही।