शहर में इन दिनों कई दुकानों में एक्सपायरी सामान बेचा जा रहा है। ऐसा ही एक मामला प्रेम मंदिर चौराहे की एक दुकान से भी सामने आया है। दुकानदार का ग्राहक के साथ बातचीत का भी ऑडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। ऑडियो में ग्राहक एक्सपायरी सामान देने का सवाल पूछ रहा है तो दुकानदार डिस्ट्रीब्यूटर पर ही पुराना सामान देने का आरोप लगा रहा है। इस पर लोगों ने रोष जताया है।
रुड़की निवासी ग्राहक ने बताया कि उसने 22 सितंबर की रात को रुड़की के प्रेम मंदिर चौक पर जनरल स्टोर से पैकेट बंद छाछ के दो पैकेट लिए। वह पैकेट घर ले गया और उसने रात को वह छाछ पी। स्वाद खराब होने पर जब उसने एक्सपायरी डेट देखी तो उसमें 15 सितंबर लिखा हुआ था। यह देख वह घबरा गया और फूड प्वॉइजनिंग के डर से गले में अंगुली डालकर उल्टियां कर दीं।
वह तत्काल दुकान पर गया लेकिन तब रात के 11 बज चुके थे और दुकान बंद हो गई। इसके बाद ग्राहक सोमवार को दुकान पर गया और दुकानदार से बात की। ग्राहक ने ऑडियो रिकॉर्ड किया। इसमें ग्राहक पूछ रहा है कि छाछ ली थी और यह एक्सपायरी है। तब दुकानदार कह रहा है कि डिस्ट्रीब्यूटर ही उन्हें पुराना माल खपा रहे हैं। वह पांच पैकेट ही छाछ के लेते हैं, इसके अलावा दही भी लेते हैं। डिस्ट्रीब्यूटर इन्हें स्टोर करता है और पुराना माल डाल जाता है।
हालांकि इसके बाद वह यह भी कह रहा है, इस बारे में वह डिस्ट्रीब्यूटर से बात करेगा। वहीं, दुकानदार यह भी कह रहा है कि इन दिनों छाछ कम बिक रही है तो वह पुरानी हो जा रही है। ग्राहक ने छाछ के जब दोनों पैकेट दिखाए तो दुकानदार खुद कह रहा है कि हां यह एक हफ्ता पुरानी छाछ है। दूसरा पैकेट जिस दिन खरीदा उसी दिन एक्सपायरी हो गया। दुकानदार की इस बात से साफ अंदाजा लग रहा है कि वह एक्सपायरी माल बेच रहा है। ग्राहक ने इस मामले में खाद्य सुरक्षा विभाग से कार्रवाई की मांग की है।
मामला संज्ञान में आ चुका है। टीम को मौके पर भेजकर जांच की जाएगी। दुकानदार अगर सामान खरीद रहा है तो उसे भी एक्सपायरी तिथि देखकर लेना चाहिए। साथ ही ग्राहक भी जागरूक रहें। एक्सपायरी तिथि देखकर ही सामान लें। - एमएन जोशी, खाद्य सुरक्षा अधिकारी, हरिद्वार