शहर को जाम मुक्त बनाने और सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाने के उद्देश्य से यातायात पुलिस ने नई ट्रैफिक व्यवस्था लागू की है। इसके तहत सुबह 8 से 10 बजे तक रामपुर चुंगी से लेकर चंद्रपुरी रोड तक भारी वाहनों के संचालन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। यह व्यवस्था व्यापारियों और शहरवासियों के लगातार मिल रहे आवेदनों और शिकायतों के बाद लागू की गई है।
यातायात पुलिस के अनुसार, सुबह के समय स्कूल, बाजार और कार्यालय खुलने के कारण शहर की मुख्य सड़कों पर अत्यधिक दबाव रहता है। ऐसे में भारी वाहनों के प्रवेश से जाम की स्थिति बन जाती थी। इससे सड़क दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ रहा था। नई व्यवस्था के तहत यातायात पुलिस के जवान 14 घंटे तक डबल शिफ्ट में विभिन्न बैरिकेडिंग प्वाइंट पर तैनात रहेंगे और शहर में भारी वाहनों की आवाजाही पर निगरानी रखेंगे।
यातायात इंस्पेक्टर राजेंद्र नाथ ने बताया कि शहर को व्यवस्थित और सुरक्षित बनाने के लिए यह कदम उठाया गया है। उन्होंने कहा कि समय-समय पर वह स्वयं ट्रैफिक व्यवस्था का निरीक्षण करेंगे और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय व्यापारी अरविंद गुप्ता ने कहा कि भारी वाहनों के कारण सुबह बाजार क्षेत्र में अक्सर लंबा जाम लग जाता था जिससे ग्राहकों और व्यापार दोनों पर असर पड़ता था। नई व्यवस्था से व्यापारियों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है। वहीं स्थानीय निवासी नवीन शर्मा ने कहा कि सुबह बच्चों को स्कूल छोड़ने और दफ्तर जाने में लोगों को परेशानी होती थी। अब ट्रैफिक व्यवस्था सुधरने से आम लोगों को राहत मिलेगी और सड़क हादसों में भी कमी आने की संभावना है।