पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ दर्ज की प्राथमिकी
एक युवक ने अपने साथियों संग मिलकर युवती के घर में घुसकर उसके साथ छेड़खानी करते हुए जबरदस्ती करने का प्रयास किया। युवती की मां के शोर मचाने पर आरोपी युवती को जबरन उठाकर ले जाने और जान से मारने की धमकी देकर चले गए। आरोपी युवक छह माह पहले भी युवती के साथ सरेराह छेड़खानी कर चुका है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव निवासी ग्रामीण ने तहरीर में बताया कि उनके गांव में अपनी ननिहाल में रह रहे एक युवक ने छह माह पूर्व राह चलते उनकी बेटी के साथ छेड़खानी की थी। उन्होंने इसकी शिकायत पुलिस से की थी। उस समय दोनों पक्षों के बीच इस बात पर समझौता हो गया था कि युवक भविष्य में ऐसी गलती नहीं करेगा और ननिहाल से वापस अपने घर चला जाएगा।
इसके बाद उन्होंने अपनी शिकायत वापस ले ली थी। ग्रामीण के अनुसार 9 नवंबर की रात को आरोपी युवक अपने चार साथियों के साथ जबरन उनके घर में घुस आया और उनकी बेटी के साथ छेड़खानी करते हुए जबरदस्ती करने का प्रयास किया। युवती के शोर मचाने पर पर उसकी मां वहां आ गई उनके शोर मचाने पर आसपास मौजूद लोग वहां आए तो आरोपी युवती को जबरन उठाकर ले जाने और जान से मारने की धमकी देकर वहां से भाग निकले। लक्सर कोतवाली प्रभारी प्रवीन कोश्यारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी युवकों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।