बिजलीघर से एक कंपनी के लिए लाइन लगा रहे कर्मचारियों को ग्रामीणों का विरोध झेलना पड़ा। बढ़ते विरोध के कारण कर्मचारियों को लौटना पड़ा। ग्रामीणों ने एसडीएम से शिकायत करने की बात कही है।
खानपुर क्षेत्र के माड़ाबेला गांव के पास एक कंपनी है। कंपनी में बिजली सप्लाई के लिए दल्लावाला मार्ग के किनारे लाइन डाली जानी है लेकिन तुगलपुर गांव के ग्रामीण लाइन डालने का विरोध कर रहे हैं। पूर्व में भी ऊर्जा निगम ने दो बार विद्युत लाइन डालने की कोशिश की थी लेकिन ग्रामीणों के विरोध के चलते ऊर्जा निगम के कर्मचारियों को लौटना पड़ा।
सोमवार को ऊर्जा निगम की टीम लाइन डालने के लिए तुगलपुर गांव पहुंची। लाइन डालने की जानकारी जैसे ही ग्रामीणों को लगी तो मौके पर भीड़ इकट्ठा होने लगी। ग्रामीणों ने दोबारा से बिजली लाइन डालने का विरोध शुरू कर दिया। काफी देर रात ग्रामीणों के विरोध को देखकर कर्मचारियों को लौटना पड़ा। ऊर्जा निगम के ईई देवेंद्र कुमार ने बताया कि ग्रामीणों से शांतिपूर्ण तरीके से वार्ता कर समस्या का समाधान निकाला जाएगा।