ऊर्जा निगम की ओर से बुधवार को शहर से देहात तक बकाएदारों के खिलाफ अभियान चलाया गया। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों में 150 से अधिक बकाएदारों के बिजली के कनेक्शन काटे गए। कार्रवाई के दौरान ऊर्जा निगम की टीम और उपभोक्ताओं के बीच नोकझोंक भी हुई।
मार्च नजदीक आते ही ऊर्जा निगम की ओर से राजस्व वसूली अभियान तेज कर दिया गया है। इसके तहत निगम की ओर से न सिर्फ शिविर लगाकर बकाया जमा कराया जा रहा है, बल्कि जमा नहीं करने वाले उपभोक्ताओं के बिजली कनेकशन भी काटे जा रहे हैं। बुधवार को भी ऊर्जा निगम की ओर से शहर में रामनगर इलाके में बकाएदारों के करीब 80 कनेक्शन काटे गए। वहीं सिविल लाइंस क्षेत्र में भी लगभग 40 बकाएदारों के कनेक्शन के काटे गए। इसके अलावा मंगलौर, भगवानपुर और बुग्गावाला सहित अन्य क्षेत्रों में भी ऊर्जा निगम की टीम ने बकाएदारों केे बिजली कनेक्शन काटे। ऊर्जा निगम के अधिशासी अभियंता अंकित जैन का कहना है कि बुधवार को 150 से अधिक बकाएदारों के बिजली कनेक्शन काटे गए हैं। आगे भी निगम की ओर से बकाएदारों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने सरकारी संस्थाओं से भी बकाया जमा करने की अपील की। साथ ही जमा नहीं करने पर बिजली कनेक्शन काटने की चेतावनी दी।